गोंदिया शहर के लिए एक विशेष और आकर्षक पहल के तहत आज गोंदिया रेलवे स्टेशन परिसर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित “रेल कोच रेस्टोरेंट” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अनूठी पहल में पुराने रेल कोच को हल्दीराम द्वारा अपनी विशिष्ट गुणवत्ता, आधुनिक डिज़ाइन और उत्कृष्ट सेवा मानकों के साथ एक प्रीमियम फूड डेस्टिनेशन में परिवर्तित किया गया है, जो यात्रियों एवं शहरवासियों के लिए एक नया और यादगार अनुभव प्रस्तुत करता है।
यह पहल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता के नेतृत्व एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में साकार हुई है।
इस अवसर पर श्री पी. बी. राव (मंडल वाणिज्य प्रबंधक), डॉ बी रवि तेजा नायक डीएमओ गोंदिया, श्री अमित कुमार (सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक) सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारियों एवं शहर के गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया गया। यह पहल गोंदिया शहर के पर्यटन एवं स्थानीय नागरिकों के लिए एक नई पहचान और आकर्षण के रूप में उभरेगी। हल्दीराम द्वारा विकसित इस रेल कोच रेस्टोरेंट में स्वच्छता, आरामदायक बैठने की उत्कृष्ट व्यवस्था एवं विविध प्रकार के उच्च गुणवत्ता वाले भारतीय एवं फास्ट फूड व्यंजन उपलब्ध कराए गए हैं। हल्दीराम ने अपने स्थापित ब्रांड मानकों के अनुरूप इस कोच को एक आधुनिक, आकर्षक एवं ग्राहक-केंद्रित फूड स्पेस के रूप में तैयार किया है।
यह रेस्टोरेंट प्रतिदिन सुबह 08 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहेगा, जिससे यात्री एवं आम नागरिक दोनों ही सुविधाजनक समय पर इसका आनंद ले सकेंगे। यह पहल न केवल यात्रियों को बेहतर एवं विश्वसनीय खानपान सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। साथ ही, यह गोंदिया रेलवे स्टेशन की सौंदर्यता एवं उपयोगिता को एक नए स्तर पर स्थापित करेगी। हल्दीराम ने इस पहल के माध्यम से एक बार फिर अपने ब्रांड की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और ग्राहक संतुष्टि के प्रति प्रतिवद्धता को प्रदर्शित किया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं नागरिकों से इस आधुनिक सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने एवं इसे सफल बनाने की अपील की है।







